तानाशाही हुकूम ना मानने पर सीनियर्स ने फ्रेशर को पीटा
शहर के महानगर इलाके में स्थित हीवेट पॉलीटेक्निक संस्थान में इंजीनियरिंग के छात्र नवनीत गौड़ की उसके 10 वरिष्ठ छात्रों ने निर्देशों का पालन नहीं करने पर गुरुवार शाम पिटाई की। घटना के बाद नवनीत वहां से शहर के गोमती नगर स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां चला गया जिन्होंने बाद में उसे ले जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
स्थानीय थाना प्रभारी डी. पी. सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि शिकायत में नवनीत ने कहा कि वह छात्रावास जा रहा था तभी रूमाल से मुंह ढके 10 वरिष्ठ छात्रों ने उसे रास्ते में रोका और सिर एकदम नीचे झुकाकर छात्रावास तक जाने को कहा। जब नवनीत ने उनका निर्देश मानने से इंकार किया तो उन्होंने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। उन्होंने उसका चश्मा भी तोड़ डाला और कॉलेज प्रबंधन से शिकायत करने पर बुरा परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक नवनीत 10 में से दो वरिष्ठ छात्रों को आवाज और शारीरिक बनावट से पहचान गया।
सिंह ने बताया कि नवनीत उन दोनों वरिष्ठ छात्रों को नाम से नहीं जानता, लेकिन वह उन्हें पहचानता है। नवनीत के मुताबिक दोनों द्वितीय वर्ष के छात्र हैं और सहपाठियों के साथ उन्होंने पिटाई की। सिंह ने कहा कि संस्थान के अधिकारियों के साथ हमने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी छात्रों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications