अभी तक फंसा है मालवाहक पोत, कर्मी सुरक्षित
नूरपुर जिले के हुगली और रूपनारायण नदी के संगम पर बहामा के पंजीकृत मालवाहक पोत 'ग्रीन वैली' जिब्राल्टर पंजीकृत पोत 'टाइगर स्प्रिंग' से टकरा गया था। राज्य जहाजरानी मंत्री मुकुल रॉय ने बताया, "'टाइगर स्प्रिंग' बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है लेकिन हमने बचाव कार्य शुरू कर दिया है।"
घटनास्थल पर पहुंचे रॉय ने बताया, "नदी के पश्चिमी दिशा का मार्ग अवरुद्ध हो जाने से पोतों का आवागमन पूर्वी दिशा से हो रहा था। इससे नदी का रास्ता संकीर्ण हो गया था। दोनों पोतों के पायलटों के बीच संवाद ठीक से न होने की वजह से हादसा हुआ।" उन्होंने कहा कि हादसे की जांच के लिए एक पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है।
पोर्ट ट्रस्ट के नौवहन विभाग के निदेशक अरुण कुमार बागची ने बताया, "मालवाहक पोत-टाइगर स्प्रिंग कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट (केओपीटी) के कोलकाता डॉक सिस्टम (केडीएस) पर माल उतारने के बाद रंगाफाला चैनल के रास्ते लौट रहा था तभी केडीएस की ओर बढ़ रहा ग्रीन वेली नाम का एक अन्य मालवाहक पोत नूरपुर में उससे टकरा गया। यह पोत बंगाल की खाड़ी स्थित सैंडहेड्स से आ रहा था।"
बचाव अभियान की निगरानी करने वाले बागची ने बताया कि इस हादसे से पोतों के आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि यह टक्कर पोतों के परिवहन मार्ग से दूर हुई है। नाम उजागर न करने की शर्त पर पोर्ट ट्रस्ट के एक अधिकारी ने बताया, "पोत 'ग्रीन वैली' के चालक ने देखा कि 'टाइगर स्प्रिंग' क्षैतिज रूप में बढ़ रहा है, उसने सोचा कि उसके पोत के समीप आने से पहले 'टाइगर स्प्रिंग' पोत अपना रास्ता बदल लेगा।"
अधिकारी के मुताबिक, "लेकिन पोत चालक का अनुमान गलत साबित हुआ और उसके पोत ने 'टाइगर स्प्रिंग' के मध्य भाग में सीधी टक्कर मार दी।" केओपीटी के अध्यक्ष मदन लाल मीना ने बताया, "पोत को निकालने के लिए हमने अपने अधिकारियों को घटना स्थल पर भेजा है।"
मीना ने बताया, "'ग्रीन वैली' पोत का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। उसे मरम्मत के लिए डायमंड हार्बर घाट पर लाया गया है। जबकि 'टाइगर स्प्रिंग' को भारी क्षति पहुंची है। इस पोत का मरम्मत कार्य बुधवार से शुरू होगा और इसे गुरुवार तक हटाया जा सकता है।" इसके अलावा पोत को बचाने के लिए पूर्वी मिदनापुर जिले से एक बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया है। पूर्वी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक अशोक बिश्वास ने बताया, "क्षतिग्रस्त पोत के चालक दल के 12 सदस्य सुरक्षित हैं।"













Click it and Unblock the Notifications