न्यूजीलैंड की खदान में फंसे 29 कामगारों की मौत (लीड-1)
ग्रेमाउथ के निकट 'पाइक रिवर' कोयला खदान में बीते शुक्रवार को गैस विस्फोट के बाद 29 कामगार फंस गए थे। बचाव अभियान के दौरान बुधवार को दिन में स्थानीय समयानुसार 2.37 बजे दूसरा विस्फोट हुआ, जिसमें सभी कामगार मारे गए। इन कामगारों में न्यूजीलैंड के 24, आस्ट्रेलिया के दो, ब्रिटेन के दो और दक्षिण अफ्रीका का एक नागरिक शामिल है।
समाचार चैनल 'टीवीएनजेड' के अनुसार पुलिस अधिकारी गैरी नोल्स ने बताया, "मुझे न्यूजीलैंड की जनता को बहुत दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि खदान में दूसरा विस्फोट हुआ है। अब किसी के जीवित बचने की उम्मीद खत्म हो गई है।"
बीते कई दिनों से इन कामगारों को बचाने के लिए सेना की मदद से अभियान चलाया जा रहा था। इसमें रोबोट की मदद ली जा रही थी। विषैली गैस की वजह से बचाव दल का खदान के भीतर जा पाना मुश्किल था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications