मप्र में भाजपा-कांग्रेस विधायकों में धक्का-मुक्की
भोपाल। मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी से आगे निकलते हुए आपस में धक्का-मुक्की की।
विधानसभा में दो दिनों से चल रहे हंगामे के कारण बुधवार को भी सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद दोनों दलों के विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकले। सत्ताधारी और विपक्षी विधायक एक दूसरे के समूह में इस तरह फंस गए कि उन्हें पहचान पाना मुश्किल हो गया।
सदन के गलियारे में विधायक एक दूसरे को धकियाने लगे। कांग्रेस के विधायक गोविंद सिंह राजपूत और भाजपा विधायक विश्वास सारंग के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। राज्य में यह पहला मौका है जब विधायक इस स्तर पर आकर उलझे।
सारंग ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार के बेहतर कामकाज से कांग्रेस हताश व परेशान है। इतना ही नहीं विपक्षी दल के भीतर अपनी राजनीतिक हैसियत बढ़ाने का दौर चल रहा है। लिहाजा वे जनहित के मुद्दों की बजाय महत्वहीन मसलों को उठाकर विधानसभा की कार्यवाही में बाधा खड़ी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications