मप्र विधानसभा में डम्पर कांड पर हंगामा

हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी ने सदन की कार्यवाही को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया। विधानसभा में तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने डम्पर मामले पर चर्चा कराने की मांग करते हुए हंगामा किया। इसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित की गई।
इसके बावजूद भी हंगामा नहीं थमा और इसी बीच कई प्रस्ताव पारित कर दिए गए। इसके बाद भी गतिरोध जारी रहा, तब विधानसभा अध्यक्ष रोहाणी ने सदन को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया।
कांग्रेस का आरोप है कि उन्होंने विधानसभा के नियम 130 के मुताबिक डम्पर कांड पर चर्चा कराने का प्रस्ताव अध्यक्ष को दिया था। प्रस्ताव पर 60 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। न्यायालय के आदेश पर इस मामले में मुख्यमंत्री चौहान व उनकी पत्नी के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज है। विपक्ष का आरोप है कि न्यायालय में एक महीने में विवेचना करने का भरोसा दिलाने के बाद भी तीन साल हो चुके हैं और लोकायुक्त की जांच पूरी नहीं हो पाई है। यह संगठन सरकार के दबाव में काम कर रहा है।
विपक्ष के नेता चौधरी राकेश सिंह ने सदन परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के निर्देश पर लोकायुक्त ने 15 नवंबर 2007 को मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 420, 467, 471, व 120 बी के तहत मामला दर्ज किया था।
चौधरी ने कहा लोकायुक्त संगठन सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन है और इसकी जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री संभालते हैं। वहीं जांच करने वाले पुलिस अधीक्षक गृह मंत्रालय के अधीन है। इन परिस्थितियों में जांच ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। लिहाजा इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications