9 दिसंबर को सशर्त सपाई बनेंगे 'आजम खां'!
समीकरण बता रहे हैं कि शायद अब दोनों के बीच गिले-शिकवे दूर हो जायेंगे, दोस्त दोस्त बन जायेंगे और दूरियां नजदीकियों में सिमट जायेगी। जितने जोर-शोर से सपा में आजम की वापसी की तैयारी चल रही है। उससे तो यही लगता है कि आने वाले दिनों में मुलायम सिंह के बगल वाली जगह जो कि उनके पूर्व मित्र अमर सिंह की वजह से खाली हुई है वहां आजम खां दिखायी दें।
संभव है कि अगले महीने के पहले हफ्ते में मौलाना मो.अली जौहर के जन्मदिन के मौके पर रामपुर में एक जलसे में दोनों नेता फिर से साथ जीने-मरने की कसमें खाते नजर आएं। हालांकि इस बीच मुलायम ने आजम खां को उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष के पद का न्योता भी दे दिया है। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को दिल्ली में आजम खां और पार्टी के बीच दूरियां खत्म होने का ऐलान करने के लिए पत्रकार वार्ता की।
मुलायम ने कहा, आजम खां और सपा फिर एक होने को तैयार हैं। इसमें महज कुछ घंटे या दिनों की देर है। पार्टी में फिर से आने के लिए उनकी कोई शर्त नहीं है और हमेशा संघर्ष के साथी रहे उन्होंने कभी कोई पद मांगा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी की तरफ से नेता विपक्ष शिवपाल यादव ने आजम के लिए पद छोड़ने की पेशकश कर सराहनीय काम किया है। मैं भी आजम से अनुरोध करूंगा कि वे इस पद को कबूल कर लें । कयास लगाये जा रहे हैं कि आजम के गृह जनपद रामपुर में मौलाना मो.अली जौहर के जन्मदिन 9 दिसंबर पर दोनों बिछड़े साथियों का मिलन हो सकता है।













Click it and Unblock the Notifications