ब्लडहाउंड का निर्माण जनवरी से

एक हज़ार मील प्रति घंटे से चलने वाली कार को बनाने की ब्रितानी योजना समय से चल रही है. कार के पिछले हिस्से का निर्माण जनवरी में शुरु हो जाएगा और वर्ष 2012 तक वर्ल्ड लैंड स्पीड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की जाएगी.
ब्लडहाउंड कहे जाने वाली इस कार को रिकॉर्ड बनाने के लिए वर्ष 1997 का थ्रस्ट सुपरसॉनिक कार का 763 मील प्रति घंटे का रिकॉर्ड तोड़ना होगा.
इस परियोजना के निदेशक रिचर्ड नोबेल ने कहा, "पूरी दुनिया की कई कंपनियाँ इस कार के प्रायोजक बनने को तैयार हैं. हमारे पास इतने लोग आर्थिक तौर पर इस परियोजना का समर्थन करने के लिए आ रहे हैं कि हमारे पास उन सभी से मदद लेना संभव नहीं है."
ब्लडहाउंड परियोजना की शुरुआत युवा लोगों की विज्ञान और इंजीनियरिंग के बारे में दिलचस्पी बढ़ाने के लक्ष्य की गई थी. इस परियोजना के साथ-साथ ब्रितानी स्कूलों में बड़े पैमाने पर शिक्षा कार्यक्रम चलाया जा रहा है.
ब्लडहाउंड कार 42 फ़ीट लंबी है और यह ब्रिटेन के इंजीनियरों के एक दल के तीन साल तक किए गए एअरोडॉयनमिक अध्ययन का नतीजा है.
दल का कहना है कि विमान बनाने वाली कंपनी हैंपसन इंडस्ट्रीज कार के मुख्य हिस्से का निर्माण करना शुरु करेगी. कार के अगले हिस्से के निर्माण के लिए एक दूसरी कंपनी से समझौता अंतिम दौर में है.
नीले और नारंगी रंग की ब्लडहाउंड सुपरसॉनिक कार का मॉडल तैयार करने वाले इंजीनियरों का मानना है कि इसमें लगे फ़ॉल्कन हाइब्रिड रॉकेट और यूरोफ़ाइटर टाइफून जेट इंजिन इसकी रफ़्तार 1000 मील यानि 1610 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा कर देंगे.
थ्रस्ट कार को तैयार करने वाली टीम के तीन सदस्य ब्लडहाउंड प्रोजेक्ट से भी जुड़े रहे हैं. इनमें चालक विंग कमांडर एंडी ग्रीन, प्रोजेक्ट डॉयरेक्टर रिचर्ड नोबल और रॉन आयरेस हैं.












Click it and Unblock the Notifications