शार्प बिजनेस सिस्टम 10 लाख मोबाइल हैंडसेट बेचेगी
कम्पनी के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि कारोबारी साल 2009-10 में कम्पनी का कारोबार 400 करोड़ रुपये का था।
सिन्हा ने भारत में अपने मोबाइल हैंडसेट कारोबार की शुरुआत के मौके पर कहा कि कम्पनी की नजर महंगे मोबाइल हैंडसेट खरीदने वाले उपभोक्ताओं पर है। उन्होंने बताया कि कम्पनी का 2011-12 तक 10 लाख हैंडसेट बेचने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि उनके पास 5,000 रुपये से कम कीमत के एक भी हैंडसेट नहीं हैं। इसलिए चाहे वे कितना भी मेहनत कर लें, 74 फीसदी बाजार हमेशा उनकी पहुंच से बाहर रहेगा। बाकी के 26 फीसदी बाजार के तीन फीसदी हिस्से पर वे पहले साल में पकड़ बना लेंगे।
कम्पनी ने अभी 6,500 रुपये से 18,000 रुपये कीमत के चार हैंडसेट मॉडल पेश किए हैं।
कम्पनी अभी अपने पूरे उत्पादों का आयात करती है। उसके पास कोई निर्माण इकाई नहीं है। लकिन कुछ महीनों में वह पुणे में एलसीडी टीवी का निर्माण शुरू कर देगी।
उन्होंने कहा कि अभी कम्पनी चीन और जापान से हैंडसेट का आयात करेगी। उन्होंने हालांकि भविष्य में हैंडसेट के निर्माण में निवेश करने की संभावना से इंकार नहीं किया।
पिछले साल शार्प कॉरपोरेशन ने 30 अरब डॉलर का कारोबार किया था। इसकी अमेरिका, ब्रिटेन, स्पेन, फ्रांस, पोलैण्ड, मध्य पूर्व, चीन, फिलीपींस, इंडोनेशिया, थाइलैंड, मलेशिया और भारत में कुल 23 निर्माण इकाई हैं।
मोबाइल कारोबार के मामले में यह 28 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ जापान की अग्रणी कम्पनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications