न्यूजीलैंड की खदान में बचाव कार्य आरंभ होने की प्रतीक्षा
वेलिंग्टन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की एक कोयला खदान में बीते चार दिनों से फंसे 29 कामगारों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अधिकारियों का कहना है कि बचाव कार्य अभी शुरू करना खतरे से खाली नहीं है। बचाव दल के लोग अभियान शुरू करने के लिए हरी झंडी मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि खदान में विषैली गैस बचावकर्मियों के लिए घातक हो सकती है और ऐसे में बचाव कार्य आरम्भ नहीं किया जा सकता। खदान में फंसे कामगारों की खरियत के बारे में अभी कुछ नहीं पता चला है। कामगारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं लेकिन मीडिया में इनकी पहचान बताई गई है।
साउथ आईलैंड के पश्चिमी तट के निकट ग्रेमाउथ में स्थित एक कोयला खदान में शुक्रवार को गैस विस्फोट हो गया था। इसके बाद से 29 कामगारों की कोई खरियत नहीं मिली। इन कामगारों में न्यूजीलैंड के 24, आस्ट्रेलिया के दो, ब्रिटेन के दो और दक्षिण अफ्रीका का एक नागरिक शामिल है।
इससे पहले रविवार को पुलिस अधिकारी गैरी नोल्स ने संवाददाताओं को बताया, "अगर बचावकर्मियों को हम नीचे भेजते हैं तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। हम इसके लिए तैयार नहीं हैं।"
पीड़ित परिवारों से बातचीत करने के बाद नोल्स ने कहा, "हम अभी बचाव अभियान की तैयारी कर रहे हैं। हम अभी भी साकारात्मक नतीजे की उम्मीद रखते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications