शादी से मना करने पर युवती को जलाने की कोशिश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक युवक ने शादी से इंकार करने पर एक युवती को कथित तौर पर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना सिकरीपुर थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव की है, जहां सोहन शर्मा पर आरोप है कि रविवार रात उसने पड़ोस में रहने वाली पूनम (बदला नाम) को उसके घर के समीप केरोसिन छिड़कर आग लगा दी और फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय माता-पिता घर के अंदर खाना खा रहे थे। चीख सुनकर जब तक वे बाहर आकर आग बुझा पाते तब तक पूनम का करीब 50 फीसदी शरीर जल चुका था। युवती का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
सिकरीपुर थाना प्रभारी हरि सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सोहन युवती से शादी करना चाहता था। माना जा रहा है कि युवती के शादी से इंकार करने की वजह से सोहन ने यह कदम उठाया है। इस मामले में छानबीन चल रही है। सिंह ने बताया कि सोहन के साथ उसके दो साथी धीरज और रामसुभग के इसमें शामिल होने की बात सामने आ रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications