'भारतीय नक्सलियों को नेपाल में प्रशिक्षण नहीं मिलता'
काठमांडु, 19 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने शुक्रवार को सांसदों से कहा कि उन्हें ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला जिससे पता चले कि भारतीय नक्सलियों को नेपाल में प्रशिक्षण मिलता है।
करीब एक महीने पहले भारत ने नेपाल की सबसे बड़ी माओवादी पार्टी पर आरोप लगाया था कि वह भारत के नक्सलियों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण देती है।
संसद की राज्य मामलों की समिति ने प्रधानमंत्री से कहा था कि वह पिछले महीने काठमांडू में भारतीय दूतावास द्वारा नेपाल के गृह और विदेश मंत्रालय पर लगाए गए आरोप का जवाब दे।
दूतावास ने आरोप लगाया था कि भारत के करीब 300 नक्सलियों को नेपाल में प्रतिबंधित इस्लामी गुट लश्कर-ए-तैयबा की सहायता से प्रशिक्षण दिया गया था।
दूतावास ने यह भी कहा था कि एक प्रशिक्षण शिविर उस छावनी में भी था जो नेपाली माओवादियों के पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) से संबद्ध था। यह भी कहा गया था कि कम से कम एक माओवादी सांसद उस समझौते में शामिल था जिसमें बिहार, उड़ीसा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के नक्सलियों के साथ हथियार प्रशिक्षण के संबंध में बात की गई थी।
नेपाली प्रधानमंत्री ने कहा कि हालांकि इस आरोप की जांच के लिए कोई स्वतंत्र आयोग गठित नहीं किया गया था, लेकिन संबंधित सुरक्षा एजेंसी इसकी छानबीन कर रही है। अभी तक आरोप को सच साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है।
इससे पहले नेपाल के हथियारबंद पुलिस बल (एपीएफ) के प्रमुख सनत कुमार बसनत ने भी बीबीसी के एक कार्यक्रम में कहा था कि उसकी जांच में कोई सबूत नहीं मिला था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चूंकि यह एक गंभीर आरोप है इसलिए वे भारत से कूटनीतिक संबंधों को ध्यान में रखते हुए इसकी जांच करा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications