बिहार चुनाव : पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी

सुरक्षा के दृष्टिकोण से नक्सल प्रभावित 26 में से 18 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से तीन बजे तक जबकिअन्य क्षेत्रों में सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदाता मत डाल सकेंगे।राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शनिवार को बताया कि गया और औरंगाबाद जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर जबकि रोहतास, कैमूर, एवं बक्सर जिले के 90 से 95 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण करवाने के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
नीलमणि ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के चार हेलीकॉप्टर एम आर-17 और ध्रुव से मतदान वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखी जा रही है। सभी हेलीकॉप्टरों पर विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के कमांडो और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ ) के जवान तैनात हैं। राज्य से सटे झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा को सील कर दिया गया है। नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार का पूर्व में ही एलान कर रखा है।
इस चरण में कुल 60,07,706 मतदाता 43 महिलाओं समेत 426 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग करने के लिए 150 सहायक मतदान केन्द्र समेत 6,911 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पांच चरणों में अब तक विधानसभा की 217 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications