दिल्ली में 5 मंजिली इमारत ढही, 55 मरे
दिल्ली अग्निशमन विभाग के प्रमुख आरसी शर्मा के मुताबिक घटनास्थल से कम से कम 30 लोगों को निकाल कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। दिल्ली नगर निगम के अनुसार इमारत के गिरने से करीब 70 लोग उसके नीचे दब गए, इनमें से 30 लोगों को बचा लिया गया है। निगम ने इस हादसे में 30 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की। जबकि मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक संख्या 55 के करीब है।
मलबे के नीचे से आवाजें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबे में फंसे लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। तमाम लोग मलबे में दबे हुए जीवन की गुहार लगा रहे हैं। खास बात यह है कि प्रशासन के साथ स्थानीय लोग भी मदद के लिए जुट गए हैं। घायलों को लोक नायक जयप्रकाश नारायण और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पहुंचाया गया है।
कालोनी का रास्ता संकरा होने की वजह से आपातकालीन सेवाओं जैसे क्रेन और अन्य उपकरण के मौके तक पहुंचने में खासी दिक्कतें हुईं। साथ में अंधेरा और बारिश की वजह से बचाव कार्यो में बाधा पहुंची।
दिल्ली के वित्त मंत्री ए.के. वालिया ने पत्रकारों से ब ताया, "इमारत के तलघर में पानी जमने की वजह से यह हादसा हुआ होगा।" दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से किए गए निर्माण के चलते इमारत गिरी होगी। निगम के एक अधिकारी ने बताया, "महावीर इंक्लेव में गत तीन दिनों पहले हमने एक पांच मंजिली इमारत के अवैध निर्माण को तोड़कर उसे गिरने से रोका।"



Click it and Unblock the Notifications
