असुरक्षित इमारतों को ढहाया जाएगा : उपराज्यपाल
खन्ना ने लक्ष्मीनगर में दुर्घटना स्थल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं को बताया, "मैंने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त से बात की है और उनसे कहा है कि यमुना नदी के किनारे स्थित पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जोन का तीन-चार महीनों के भीतर सर्वेक्षण कराया जाए।"
खन्ना ने कहा, "हमने रुड़की स्थित केंद्रीय इमारत अनुसंधान संस्थान के प्रोफेसर एस.के.भट्टाचार्य से सम्पर्क किया है। वह सर्वेक्षण के लिए दल लेकर आएंगे।"
खन्ना ने कहा, "जिस भी इमारत को असुरक्षित पाया जाएगा, उसकी मरम्मत पर विचार किया जाएगा। लेकिन जो इमारत मरम्मत के काबिल नहीं होगी, उसे जब्त कर लिया जाएगा और ढहा दिया जाएगा।"
खन्ना ने कहा कि शाहदरा जोन में इमारतों की सुरक्षा को लेकर हमेशा प्रश्न खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह एक अनधिकृत निर्माण था और बिल्डर ने इसकी सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं दिया था। इमारत में ढेर सारे लोग निवास कर रहे थे।"
अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ के दौरान पानी घुसने से इमारत की नींव कमजोर हो गई, और इसी कारण इमारत जमीदोज हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications