भीड़ का पथराव, 6 पुलिसकर्मी घायल
घटना जिले के तारकेश्वर इलाके की है, जहां उग्र भीड़ की पुलिसकर्मियों से हिंसक झड़पें हुईं। भीड़ ने स्थानीय पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर कई सार्वजनिक व पुलिस वाहनों को निशाना बनाया।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम 13 वर्षीय किशोर किशन को एक जीप ने कुचल दिया था। देर रात उसे गम्भीर अवस्था में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को जीप के चालक को उन्हें सौंपने की मांग को लेकर किशोर के शव को साथ लेकर सड़क जाम कर दी।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक आर.डी. गौतम ने संवाददाताओं को बताया कि जाम खुलवाने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया जिसमें दो उपनिरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है।
गौतम ने कहा कि हालात काबू में करने के लिए पुलिस को मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह से काबू में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications