मुक्त व्यापार समझौते के लिए भारत, कनाडा वार्ता शुरू
सियोल। इस साल परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर के बाद अब भारत और कनाडा ने व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र में सम्बंध मजबूत करने के लिए शुक्रवार को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते के लिए वार्ता शुरू की है।वार्ता शुरू करने का यह फैसला सियोल में जी-20 सम्मेलन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कनाडाई प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान लिया।
इससे पहले जून में टोरंटो में हुई जी-20 की बैठक के दौरान दोनों देशों ने नागरिक परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते से पहले कनाडा 1974 और 1998 के परमाणु परीक्षणों का विरोध करता रहा था।हार्पर ने कहा, "कनाडा में मौजूद भारतीय मूल के 10 लाख कनाडाई लोगों से दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने में मदद मिल रही है।"
हार्पर के साथ मुलाकात के अलावा गुरूवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कई बैठकों में व्यस्त रहे। उन्होंने इथोपिया के प्रधानमंत्री मेल्स जेनावी, मैक्सिको के राष्ट्रपति फिलिप कैल्ड्रॉन और ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से मुलाकात की।मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को जी-20 की बैठक में अपना महत्वाकांक्षी प्रस्ताव रखा जिसमें उन्होंने कहा कि नया वैश्विक आर्थिक संतुलन स्थापित करने के लिए अमीर देशों के कोषों को गरीब और विकासशील देशों में आधारभूत संरचनाओं के विकास में लगाया जाए इससे अस्थिरता समाप्त होगी।
इसके अलावा उन्होंने अमीर देशों में बेरोजगारी से निपटने के लिए अपना जा रहे संरक्षणवादी रवैये पर उन्हें चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने कहा कि जी-20 देश यह तय करें कि प्रत्येक देश के लिए किस स्तर तक का घाटा या आधिक्य अच्छा या बुरा है।भारतीय शिष्टमंडल में योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, विदेश सचिव निरुपमा राव और वित्त सचिव अशोक चावला शामिल हैं।













Click it and Unblock the Notifications