चव्हाण-कलमाड़ी के इस्तीफे मंजूर, भ्रष्टाचार का है आरोप
हालाकि अशोक चव्हाण ने अपनी सफाई सोनिया गांधी के सम्मुख पेश कर दी थी लेकिन लगता है सोनिया गांधी उससे संतुष्ट नहीं हो पायी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को आदर्श सोसायटी घोटाला उजागर होने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण द्वारा दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
कांग्रेस महासिचव जनार्दन द्विवेदी ने बताया कि चह्वाण को अपना इस्तीफा महाराष्ट्र के राज्यपाल को सौंपने के लिए कहा गया है। अब नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक आज शाम मुंबई जाएंगे। करगिल के शहीदों के नाम पर मुंबई के पॉश इलाके में बनी आदर्श सोसाइटी में कई सैन्य अफसरों, राजनेताओं, उनके रिश्तेदारों और रसूखदार लोगों को फ्लैट दिए जाने के आरोप लगे हैं।
चव्हाण मान चुके हैं कि उनके कुछ रिश्तेदारों को भी इस सोसाइटी में फ्लैट दिए गए। इस बीच सूत्रों का कहना है कि वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी और रक्षा मंत्री एके एंटनी इस घोटाले पर मंगलवार को अपनी रिपोर्ट सौंप सकते हैं।
उधर दिल्ली कॉमनवेल्थ खेलों की आयोजन समिति के मुखिया सुरेश कलमाड़ी ने भी कांग्रेस संसदीय दल के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है, कलमाड़ी पर कॉमनवेल्थ खेलों की तैयारियों के दौरान भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे। संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से ठीक पहले दोनों नेताओं के इस्तीफे मंजूर किए गए हैं, विपक्ष ने इनसे जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने की पूरी तैयारी कर रखी थी।













Click it and Unblock the Notifications