सुरक्षा परिषद में सदस्यता पर चीन का सकारात्मक संकेत
बीजिंग। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन करने के बाद चीन ने मंगलवार को संकेत दिया कि वह सुरक्षा परिषद में विकासशील देशों की नुमाइंदगी बढ़ाने के पक्ष में है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हांग ली ने बीजिंग में पत्रकारों से बताया, "चीन अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भारत की अहमियत समझता है। वह यह भी समझता है कि भारत संयुक्त राष्ट्र में अपनी अहम भूमिका निभाना चाहता है। सुरक्षा परिषद में सुधार के मुद्दे पर चीन भारत और अन्य देशों के साथ सम्पर्क और परामर्श करने के लिए तैयार है।"
हांग ने बताया, "चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उचित और आवश्यक सुधार का समर्थन करता है। वह सुरक्षा परिषद में विकासशील देशों का प्रतिनिधित्व और बढ़ाने की अपनी प्राथमिकता पर कायम रहेगा।"
ज्ञात हो कि चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ अगले महीने भारत दौरे पर आ रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार को लेकर भारत उनसे भी बातचीत करेगा।
परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता के लिए अमेरिका का मिले समर्थन पर प्रवक्ता ने कहा, "चीन का यह मानना है कि परमाणु अप्रसार की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का सम्मान करने वाले देश को परमाणु ऊर्जा का इस्तेमाल शांतिपूर्ण उद्देश्य के लिए करने का अधिकार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications