भारतीय बाजार में संभावनाएं तलाशेंगे ओबामा
वाशिंगटन, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शनिवार को अपने नाम से प्रकाशित एक लेख में कहा है कि अमेरिका अपने निर्यात के रास्ते में खड़े अवरोधों को कम करने तथा भारतीय बाजार में पहुंच बढ़ाने के तरीके तलाशेगा।
न्यूयार्क टाइम्स में प्रकाशित इस लेख में ओबामा ने लिखा है, "भारत के अपने पहले दौरे के दौरान मैं सैकड़ों अमेरिकी व्यापार प्रमुखों और भारतीय व्यापार प्रमुखों के साथ मिल कर अपने निर्यात लक्ष्य की ओर ठोस प्रगति की घोषणा करूंगा। यह लक्ष्य कोई अरबों डॉलर का होगा, जिससे हजारों अमेरिकी नागरिकों को रोजगार में मदद मिलेगी।"
ओबामा ने लिखा है, "हम अमेरिकी निर्यातों से अवरोध हटाने और भारतीय बाजार में पहुंच बढ़ाने के तरीके भी तलाशेंगे।"
ओबामा ने "एक्सपोर्टिग ऑवर वे टू स्टेबिलिटी" शीर्षक वाले लेख में लिखा है, "हमारी सरकार अमेरिकी व्यापारियों और श्रमिकों के साथ मिलकर अपने सामानों और सेवाओं को दूसरे देशों में फैलाने और बेचने के लिए हर हाल में कदम उठाएगी, खासतौर से एशिया में। इस तरह हम रोजगार, समृद्धि और एक ऐसी अर्थव्यवस्था तैयार करेंगे, जो एक मजबूत बुनियाद पर खड़ी होगी।"
गौरतलब है कि ओबामा शनिवार को अपने चार दिवसीय दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी मिशेल और शीर्ष अधिकारी होंगे।
ओबामा रविवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे और दो दिनों तक यहां रुकेंगे। मंगलवार को वह इंडोनेशिया के लिए रवाना हो जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications