पाकिस्तान में विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी यात्रियों की मौत
कराची। पाकिस्तान में कराची हवाई अड्डे के निकट शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए यात्री विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है। विमान में लगभग 20 यात्री सवार थे जिसमें अधिकांश लोग एक अमेरिकी तेल कम्पनी के कर्मचारी थे।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक बचाव कार्य में लगे सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल नूर आलम ने बताया, "विमान पूरी तरह से नष्ट हो गया है और कोई यात्री जीवित नहीं बचा है।" ऐसा माना जा रहा था कि विमान में सवार सभी लोग पाकिस्तानी थे। मृतकों की अभी पहचान नहीं की जा सकी है।
आलम ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में कोई अन्य विदेशी यात्री भी मौजूद था अथवा नहीं। अभी तक 12 शवों को निकाल लिया गया है और बाकी शवों को निकालने का काम जारी है।
जियो टीवी ने नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएए) के अधिकारी के हवाले से बताया कि विमान का इंजन खराब होने की वजह से विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा शुक्रवार सुबह 7.15 बजे हुआ। यह विमान तेल कम्पनी के कर्मचारियों को लेकर जा रहा था। अधिकारी ने बताया, "यह एक छोटा विमान था और इसमें लगभग 20 लोग सवार थे। यह एक निजी एयरलाइंस का विमान था जो तेल कम्पनी के लिए काम करता था।"
अधिकारी ने बताया कि उड़ान भरने के तुरंत बाद ही चालक दल के सदस्यों ने नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर इंजन में आई खराबी के बारे में बताया था। विमान को वापस लौटने का निर्देश दिया गया और उसी समय यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications