पहले राहुल राजनीति की ABC तो सीखें : ममता बैनर्जी
कोलकाता। राजनीति में दीदी के नाम से प्रख्यात रेल मंत्री ममता बैनर्जी ने कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी को कहा है कि पहले राहुल राजनीति का ककहरा तो सीखें फिर उनसे सत्ता की बात कही जाये। हालांकि राहुल के बारे में ममता ने कहा है कि राहुल गांधी को सत्ता का लालच नहीं है, वो बस देश की सेवा करना चाहते है और वो पूरी शिद्दत से देश की सेवा करने की कोशिश कर रहे हैं।
ममता ने बुधवार को एक बंगाली समाचार चैनल से बातचीत में कहा, "मैं राहुल गांधी के पश्चिम बंगाल दौरे के बारे में कुछ नहीं कहना चाहती। मुझसे उनके बारे में कुछ न पूछें। आप मुझसे इंदिरा गांधी, राजीव गांधी या सोनिया गांधी के बारे में पूछिए जिनके साथ मैंने काम किया है।"
उन्होंने कहा, "मैं एक बात जरूर कहना चाहूंगी। यह अच्छी बात है कि वह (राहुल) राजनीति में हैं। उनके साथ मेरा आशीर्वाद है लेकिन पहले उन्हें राजनीति को समझने दीजिए।" राहुल ने 14 से 16 सितम्बर तक पश्चिम बंगाल का दौरा किया था। उनकी इस यात्रा का मकसद युवा कांग्रेस की सदस्यता को बढ़ाना था। जब ममता से यह पूछा गया कि क्या वह राहुल को राजनीति में बच्चा करार देना चाहती हैं तो उन्होंने कहा, "मैं ऐसा कुछ नहीं कर रही। यह आप कह रहे हैं।"













Click it and Unblock the Notifications