भारत नाइजीरिया से कच्चे तेल के आयात का इच्छुक
नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने नाइजीरिया से उच्च गुणवत्ता वाले कच्चे तेल के आयात की इच्छा व्यक्त की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा ने नाइजीरियाई राष्ट्रपति के पेट्रोलियम मामले के सलाहकार डा़. इमेनुएल ओ़ एगबोगाह के साथ बातचीत में भारत की मंशा जताई।
यहां आयोजित सम्मेलन पेट्रोटेक-2010 में देवड़ा ने डा़. एगबोगाह के साथ तेल आयात के मुद्दे पर चर्चा की। डा़. एगबोगाह ने देवड़ा से आग्रह किया कि इस संबंध में भारतीय पक्ष एक औपचारिक प्रस्ताव नाइजीरियाई सरकार को भेजे, ताकि इस दिशा में आगे की कार्यवाही हो सके।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पेट्रोटेक-2010 के अवसर पर नाइजीरिया, श्रीलंका और कनाडा के प्रतिनिधिमंडलों से द्विपक्षीय विषयों पर चर्चा की। भारतीय प्रतिनिधमंडल में देवड़ा के अलावा पेट्रोलियम सचिव एस़ सुंदरेशन, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा मंत्रालय और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
देवड़ा ने श्रीलंका के पेट्रोलियम एवं उद्योग मंत्री सुशील प्रेमजयंथा से भी बातचीत की। दोनों दोनों देशों के मंत्रियों ने हाइड्रोकार्बन क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। इसके अलावा भारतीय पक्ष ने कनाडा से आग्रह किया कि वहां की तेल कंपनियां भारत में निवेश करें।
तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) गुरुवार को अलग से कनाडा के प्रतिनिधिमंडल के साथ पारस्परिक सहयोग पर चर्चा करेगा। कनाडा ने भी भारतीय कंपनियों को हाइड्रोकार्बन क्षेत्र में निवेश का निमंत्रण दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications