बिहार चुनाव : पांचवें चरण में भी दागी उम्मीदवारों की भरमार
पटना, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में भी कई उम्मीदवार विभिन्न मामलों में आरोपी हैं। कोई भी ऐसा दल नहीं है जिसने आरोपियों को टिकट देने में गुरेज किया हो।
'नेशनल इलेक्शन वॉच' के संयोजक अंजेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि पांचवें चरण में जनता दल (युनाइटेड) ने 22 में से 13, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 13 में से सात, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 35 में से 14, कांग्रेस ने 35 में से 14, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 20 में से 13, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने 15 में से पांच दागी उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है।
उन्होंने कहा कि पहले चरण से पांचवें चरण तक 1726 उम्मीदवारों के शपथ पत्र का अध्ययन किया गया। जिसमें 626 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले लंबित है।
उन्होंने बताया कि पांचवें चरण में 139 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दर्ज करने के समय भरे गये शपथ पत्र में स्वयं घोषणा की है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले लम्बित हैं। इनमें 75 ऐसे प्रत्याशी हैं जिन पर हत्या या हत्या के प्रयास का आरोप है।
कुमार के मुताबिक पहले से पांचवें चरण तक जद (यु) के 124 में से 67, भाजपा के 89 में से 56, लोजपा के 68 में से 37, राजद के 143 में से 82, बसपा के 200 में से 75 और कांग्रेस के 206 में 78 उम्मीदवारों पर कोई न कोई आपराधिक मामला लम्बित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications