एशिया दौरे पर अमेरिकी कारोबार का विस्तार प्राथमिकता: ओबामा
वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका कांग्रेस के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की करारी शिकस्त के बाद राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने आगामी एशिया दौरे पर अमेरिकी कारोबार के लिए नए बाजार खोलने पर जोर देने की बात कही है।
अपनी पार्टी की पराजय के बाद बुधवार को ओबामा ने कहा, "इस सप्ताह के आखिर में मैं एशिया दौरे के लिए निकल रहा हूं। मेरी इस यात्रा का केंद्रबिंदु नए बाजार को खोलना रहेगा ताकि अमेरिकी व्यवसाय समृद्ध हो सकें और हम अमेरिकी जनता के लिए रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा कर सकें।"
उन्होंने कहा, "हमारे साथ उद्यमियों का एक बड़ा दल भी जा रहा है ताकि मैं उनके लिए नए बाजार खोलने में मदद कर सकूं। इससे उनके उत्पाद ज्यादा बिक सकेंगे।"
चुनाव में डेमोक्रेट की हार के संदर्भ में उन्होंने कहा, "हार की वजह से अर्थव्यवस्था की खराब हालत रही है। मैं इस बात को स्वीकार करता हूं कि जितनी तरक्की हमें करनी चाहिए थी, उतना हम नहीं कर सके हैं।"
ओबामा ने कहा कि उनके प्रशासन ने अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के कई प्रयास किए हैं लेकिन लोगों को तरक्की का अहसास नहीं हो पा रहा है। हाउस ऑफ रिप्रजेंटिव्स में डेमोक्रेट को महज 185 सीटों से संतोष करना पड़ा जबकि रिपब्लिकन को 238 सीटें हासिल हुईं। सीनेट में ओबामा की पार्टी को 52 सीटें जरूर मिली हैं लेकिन यहां उनकी सीटें कम हुई हैं।
चुनावी मिली हार एशिया दौरे से पहले ओबामा के लिए बड़ा झटका है। वह सबसे पहले छह नवम्बर को भारत पहुंचेंगे। इसके बाद इंडोनेशिया, जापान और दक्षिण कोरिया भी जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications