राहुल को पहले राजनीति सीखने दीजिए: ममता
कोलकाता, 4 नवंबर (आईएएनएस)। रेल मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कहा है कि कांग्रेस महासचिव को पहले राजनीति की बारीकियां सीखने दिया जाए। उन्होंने राहुल के पश्चिम बंगाल दौरे के संदर्भ में यह बात कही।
ममता ने बुधवार को एक बंगाली समाचार चैनल से बातचीत में कहा, "मैं राहुल गांधी के पश्चिम बंगाल दौर के बारे में कुछ नहीं कहना चाहती। मुझसे उनके बारे में कुछ न पूछें। आप मुझसे इंदिरा गांधी, राजीव गांधी या सोनिया गांधी के बारे में पूछिए जिनके साथ मैंने काम किया है।"
उन्होंने कहा, "मैं एक बात जरूर कहना चाहूंगी। यह अच्छी बात है कि वह (राहुल) राजनीति में हैं। उनके साथ मेरा आशीर्वाद है लेकिन पहले उन्हें राजनीति को समझने दीजिए।"
राहुल ने 14 से 16 सितम्बर तक पश्चिम बंगाल का दौरा किया था। उनकी इस यात्रा का मकसद युवा कांग्रेस की सदस्यता को बढ़ाना था। राज्य में ममता की पार्टी और कांग्रेस ने पिछला लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था।
जब ममता से यह पूछा गया कि क्या वह राहुल को राजनीति में बच्चा करार देना चाहती हैं तो उन्होंने कहा, "मैं ऐसा कुछ नहीं कर रही। यह आप कह रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications