दिल्ली में दीपावली के मद्देनजर चौकसी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दीपावली के मद्देनजर चौकसी बढ़ा दी है। शहर के विभिन्न हिस्सों खासकर बाजारों और मॉल्स में अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "दीपावली के कारण शराब पीकर वाहन चलाने के मामले बढ़ जाते हैं। इसलिए सड़कों पर कड़ी जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही हवाई अड्डे पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।" एक त्वरित कार्रवाई दल और अर्धसैनिक बल तैयार हैं और शहर के सभी हिस्सों में भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है।
दीवाली पर अपनों को भेजें उपहार
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने कहा, "अर्धसैनिक बलों, त्वरित कार्रवाई दल व 'स्पेशल वीपन्स एक्शन टीम्स'(एसडब्ल्यूएटी) के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया गया है और राजधानी की सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षु पुलिस जवान भी तैयार हैं।"
उन्होंने बताया कि बाजारों, मॉल्स और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसे भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भगत ने कहा, "दिल्ली पुलिस ने बाजार संघों के प्रतिनिधियों से ऐहतियात बरतने और नजर रखने को कहा है। बाजार और मॉल्स के नजदीक पुलिस नियंत्रण कक्ष की एक वैन हमेशा खड़ी रहेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications