दिल्ली में खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला शुरू
नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। कें द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री सुबोधकांत सहाय ने बुधवार को राष्ट्रीय मांस एवं कुक्कुट प्रसंस्करण बोर्ड की खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार बोर्ड ने राष्ट्रीय राजधानी में विश्वस्तरीय प्रयोगशाला का निर्माण किया है, ताकि हितधारकों को सुरक्षित मांस और कुक्कुट उत्पादों की आपूर्ति हो सके।
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय मांस एवं कुक्कुट प्रसंस्करण बोर्ड का गठन किया था, ताकि इस क्षेत्र में मांस और कुक्कुट उत्पादों से संबंधित सभी प्रमुख मुद्दों का समाधान किया जा सके।
बोर्ड इस क्षेत्र के उद्योगों को साफ और सुरक्षित मांस तथा कुक्कुट उत्पादों के बारे में जानकारी और प्रशिक्षण देगा, ताकि मानकों के अनुरूप उत्पादन किया जा सके।
इसके अलावा बोर्ड ने तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सलाहकार शाखा का भी गठन किया है जो शहरी स्थानीय निकायों, नगर पालिकाओं, उत्पादक निर्माताओं, मांस और मांस उत्पादों के निर्यातकों को प्रसंस्करण, निवेश तथा निर्यात के बारे में सलाह देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications