उड़ते विमान में बम विस्‍फोट की थी योजना

Aeroplane
वाशिंगटन/लंदन/साना। यमन से अमेरिका जा रहे मालवाहक विमानों से बरामद पार्सल बम का उद्देश्य आसमान में ही विमानों को उड़ाना था। यह जानकारी देते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने शनिवार को कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर ब्रिटेन के हवाईअड्डे पर एक विमान में रखे पार्सल बम को बरामद किया गया।

कैमरन ने कहा, "हम मानते हैं कि उपकरण को इस तरह डिजाइन किया गया था कि वह हवा में विस्फोट कर जाए।" उन्होंने कहा कि ब्रिटेन की जमीन पर विस्फोट करने की योजना के बारे में प्रारम्भिक तौर पर पता नहीं चला है लेकिन हम इसे खारिज नहीं कर सकते। दरअसल, यमन से उड़ान भरने वाले दो मालवाहक विमानों 'फेडएक्स' और 'यूपीएस' में विस्फोटक सामग्री से भरे दो पार्सल लंदन और दुबई में बरामद किए गए। इस बारे में मध्यपूर्व, यूरोप और अमेरिका में जांच जारी है।

यमन के सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि साना में एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। माना जा रहा है कि इस युवती ने ही संदिग्ध पार्सल को भेजा है।

राष्ट्रपति अली अब्दुला सालेह ने कहा कि युवती के बारे में यमन को अमेरिकी अधिकारियों से जानकारी मिली। अमेरिकी अधिकारियों ने पार्सल के साथ लगे मोबाइल फोन के सिम कार्ड से युवती की पहचान की। साना में पुलिस के सूत्रों ने बताया कि युवती और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती साना के पड़ोसी शहर मधबाह में रहती है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "वह मेडिकल की छात्रा है। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।"

संदिग्‍ध पार्सलों की जांच शुरू

यमन के अधिकारियों ने कहा है कि वे देश से भेजे जाने वाले अन्य संदिग्ध पार्सलों की जांच कर रहे हैं। फेडएक्स और यूपीएस एयरलाइंस दोनों ने शुक्रवार देर शाम घोषणा की कि वे यमन से अपनी सेवाएं स्थगित कर रहे हैं। इससे पहले दुबई ने इसकी पुष्टि की कि अधिकारियों ने जिस पार्सल को जब्त किया है उसमें शक्तिशाली विस्फोटक था और उसे मोबाइल तकनीक से जोड़ा गया था। यह तरीका सामान्य तौर आतंकवादी संगठन अलकायदा अपनाता है।

इधर ब्रिटेन के गृह मंत्री थेरेसा मे ने कहा, "हमारी जांच अब भी संवेदनशील है।" लंदन में उन्होंने कहा, "हम यमन से ब्रिटेन आने वाले या ब्रिटेन से होकर जाने वाले मालवाहक विमानों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा रहे हैं।" इस बारे में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने कहा कि इससे पता चलता है कि आतंकवाद से लड़ने के लिए हमें कितनी एकजुटता दिखानी होगी।

इसमें अल-कायदा का हाथ: अमेरिका

वाशिंगटन में अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि मालवाहक विमान में बरामद किए गए पार्सल बम मामले में आतंकवादी संगठन अल-कायदा का हाथ है। अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री जैनेट नैपोलिटैनो ने शनिवार को कहा ,"हम इसके षडयंत्रकारियों के बारे में जानते हैं और वह अलकायदा है। वे लगातार हमारी व्यवस्था की परीक्षा लेने की कोशिश कर रहे हैं।"

यमन से उड़ान भरने वाले मालवाहक विमानों से दो संदिग्ध पार्सल बमों के बरामद होने के बाद पूरे अटलांटिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है। नैपोलिटैनो ने कहा, "सऊदी अरब से मिली सूचना के आधार पर हम इस षडयंत्र को पकड़ने में कामयाब हुए। पार्सल कहां से आया है इसके बारे में पता लगाने के लिए हमने तुरंत वैश्विक स्तर पर कार्रवाई शुरू की।"

नैपालिटैनो की तरह ही अमेरिका के कई और शीर्ष अधिकारी यह मानते हैं कि इस मामले में अलकायदा है हाथ है, हालांकि वे अभी कह रहे हैं कि जांच जारी है और कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है। इस बीच फ्रांस ने शनिवार को यमन से आने वाली सभी मालवाहक उड़ानों को स्थगित कर दिया। फ्रांस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण डीजीएसी ने सभी एयरलाइंस से यमन से आने वाली मालवाहक उड़ानों को स्थगित करने को कहा है।

इस घटना के बाद अमेरिका ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलर्ट जारी किया है। मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस पार्सल को सऊदी अरब की खुफिया सेवा से मिली जानकारी के बाद पकड़ा गया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+