करवा चौथ विशेष : सजना है मुझे सजना के लिए
परम्परा के मुताबिक महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं। इस मौके पर महिलाएं विशेष श्रृंगार कर पूजा-अर्चना करती हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ दिनों से महिलाओं के सजने-संवरने और पूजा-पाठ की सामग्री से बाजार पटे पड़े हैं। मंगलवार को भी बाजारों में चहल-पहल रहा। करवा चौथ पर महिलाएं आकर्षक दिखना चाहती हैं और यही वजह है कि ब्यूटी पार्लर में उनकी भीड़ तो है ही साथ में उन्हें अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सलामत रहो पिया...
भोपाल में ब्यूटी पार्लर संचालक सुनील नरेश सेन बताते हैं कि पिछले तीन दिनों से पार्लर पहुंचने वाली युवतियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। इस मौके पर महिलाएं औरों से अलग दिखना चाहती हैं। वैसे तो हर पर्व पर ब्यूटी पार्लर में आने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ती है मगर करवा चौथ पर कुछ ज्यादा ही महिलाएं पार्लर पहुंचती हैं।
वहीं बुंदेलखण्ड की सौंदर्य विशेषज्ञ उषा सचान बताती हैं कि करवा चौथ पर सौंदर्य परामर्श लेने वाली महिलाओं की संख्या में काफी बढोत्तरी हो जाती है। इस बार भी ऐसा ही है, पार्लरों में महिलाओं को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उनकी फरमाइशें भी अलग होती हैं और वे चाहती हैं कि उनका मेकअप औरों से अलग हो।
तेरा साथ है कितना प्यारा...
इसी तरह भोपाल के महाराणा प्रताप नगर की गृहणी सरिता का कहना है यह अवसर अपने जीवन साथी की दीर्घायु की कामना का है लिहाजा उसे ठीक उसी तरह मनाया जाता है और यह सजने का अवसर भी होता है।मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में करवा चौथ का मंदिर भी है इस मंदिर में महिलाएं पूजा-अर्चना करने पहुंच रही हैं। कोलार इलाके में बने इस मंदिर में महिलाएं पूजा कर अपने जीवन साथी की लम्बी आयु की कामना कर रही हैं।













Click it and Unblock the Notifications