नक्सली खौफ के बीच दूसरे चरण का मतदान निपटा
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 45 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुए, जिनमें कई मतदान क्षेत्रों में नक्सली खौफ के साये में मतदान हुए। मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस बीच, 67 लोगों को मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दूसरे चरण में 53 फीसदी मतदान हुआ।
नक्सली हमले की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से पांच विधानसभा क्षेत्रों पारू, मीनापुर, साहेबगंज, शिवहर और बेलसंड विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान हुए, जबकि अन्य 40 क्षेत्रों में पांच बजे तक मतदान चला। शुक्रवार की रात शिवहर में एक नक्सली हमले में एक थाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी जबकि एक पुलिस का जवान घायल हो गया था।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के मुताबिक इस दौरान मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में अब तक 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दरभंगा जिले में 28, मुजफ्फरपुर में 18, समस्तीपुर में 20 तथा सीतामढ़ी में एक व्यक्ति शामिल है।
मंत्री के वाहन पर पथराव
इस बीच मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान संख्या एक के पास राज्य के लघु सिंचाई मंत्री दिनेश प्रसाद कुशवाहा के वाहन पर पत्थराव हुआ, जिसमें मंत्री को तो कोई नुकसान नहीं हुआ परंतु उनका सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। इस पत्थराव में मंत्री का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
कुशवाहा का आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी माधवी चंद्र के पुत्र और उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया। पुलिस के अनुसार इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
इस बीच कई मतदान केन्द्रों पर चुनाव बहिष्कार की भी सूचना मिली है। सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 116 पर संदिग्ध नक्सलियों ने आकर मतदान संबंधी कागजात जला दिए और फिर फरार हो गए। इस घटना की पुष्टि राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने भी की है। उन्होंने किसी भी मतदानकर्मी के अगवा होने के समाचार का खंडन किया है।
सीतामढ़ी के अनमुंडलाधिकारी (एडीएम) शिवदानी सिंह ने बताया कि मतदान केन्द्र पर सुबह आवश्यक कागजात पहुंचा दिए गए हैं और वहां मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। गौरतलब है कि पूर्व में यह खबर थी कि मतदान केन्द्र संख्या से कुछ मतदानकर्मियों को नक्सलियों ने अगवा कर लिया है।
नीलमणि ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के लिए शिवहर के 96 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है। इसके अलावा करीब 85 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर अर्धसैनिक बल तैनात हैं। अन्य मतदान केन्द्रों पर अन्य सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है।
इस चरण में कुल 98,44,981 मतदाता 46 महिलाओं समेत 623 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए 10,312 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें 3,784 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील बताया गया है। इस चुनाव में 12,691 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है जबकि करीब 250 मतदान केन्द्रों से वेब कॉस्टिंग किया जा रहा है।
दूसरे चरण में जिन 45 सीटों पर मतदान हो रहा है वे पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले के अंतर्गत आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications