बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 623 उम्मीदवार
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में रविवार को 45 सीटों पर लगभग 98 लाख मतदाता कुल 623 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। पहले चरण में 47 सीटों पर मतदान हुआ था।
दूसरे चरण में जिन 45 सीटों पर चुनाव होंगे, वे पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों के अंतर्गत आती हैं। इस चरण में कुल 98,44,981 मतदाता 46 महिलाओं समेत 623 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कुल 10,312 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं जिनमें 3,784 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील बताया गया है।
राज्य में दूसरे चरण के मतदान में 42 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम के पांच बजे तक मतदाता वोट डालेंगे जबकि मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर, पारू और साहेबगंज विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टिकोण से तीन बजे तक मतदान होगा। सबसे ज्यादा 24 प्रत्याशी कांटी विधानसभा क्षेत्र में हैं तो सबसे कम छह प्रत्याशी रोसड़ा से चुनावी समर में हैं।
सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) ने जहां 28 क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं वहीं उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सीटों पर भाग्य आजमा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 34 सीटों पर जबकि लोक जनषक्ति पार्टी (लोजपा) 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने राज्य की सभी 243 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इसके अलावा वामपंथी गठबंधन ने 42 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 31 क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं।
इस बीच, सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार लगभग सभी मतदान केन्द्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। गौरतलब है कि मतदान प्रारंभ होने के 36 घंटे पूर्व नक्सलियों ने शिवहर में एक बारूदी सुरंग विस्फोट किया जिससे छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इस घटना के बाद शिवहर जिले सहित सभी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
प्रथम चरण के तहत गुरुवार को 47 सीटों पर मतदान कराया गया था जिसमें 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। उल्लेखनीय है कि राज्य की 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर तथा एक, नौ और 20 नवंबर को मतदान की तिथि घोषित की है। मतगणना 24 नवम्बर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications