Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

बिहार में पहले चरण में 54 फीसदी मतदान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मिथिलांचल और कोसी सीमांचल क्षेत्र की 47 सीटों पर हुए मतदान में 54 फीसदी लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया। इसके साथ 52 महिलाओं सहित 631 उम्‍मीदवारों का भविष्‍य 25,728 ईवीएम में बंद हो गया। दोनों क्षेत्रों में कुल 10 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार किया, जबकि मतदान में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 136 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रथम चरण के चुनाव के लिए कुल 1,07,00,797 मतदाताओं में से 54.31 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि कटिहार जिले में सबसे ज्यादा 57.5 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया जबकि किशनगंज में 57 प्रतिशत मतदाताओं ने मत डाले।

इस चरण में जिन 47 सीटों पर चुनाव संपन्न हुए उनमें मधुबनी जिले के 10, अररिया के छह, सुपौल के पांच, किशनगंज के चार, पूर्णिया के सात, कटिहार के सात, सहरसा के चार और मधेपुरा जिले के चार विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान हुआ जबकि अन्य सभी क्षेत्रों में पांच बजे तक मत डाले गए।

क्लिक करें- बिहार विधानसभा चुनाव पर विशेष पृष्‍ठ

इस मतदान के लिए कुल 10,454 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिसमें 25,728 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का प्रयोग किया गया। इन विधानसभा क्षेत्रों में 52 महिलाओं सहित कुल 631 प्रत्याशी अपने भाग्य आजमा रहे हैं।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए कुल 65,297 मतदानकर्मियों को तैनात किया गया था। इसके अलावा 1753 माइक्रो आब्जर्वर तथा 60 आब्जर्वर तैनात किए गए थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान मधुबनी जिले के तीन मतदान केन्द्रों सहित 10 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। बहिष्कार का मुख्य कारण 'विकास नहीं, तो मतदान नहीं' का कारण बताया गया। इस बीच छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

सुपौल जिले के छातापुर विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केन्द्र पर जनता दल (युनाइटेड) के प्रत्याशी नीरज कुमार सिंह उर्फ बबलू द्वारा एक पीठासीन पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया गया। जिसके खिलाफ छातापुर थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है।

कोई अप्रिय घटना नहीं

राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि मतदान के दौरान कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। उन्होंने बताया कि मतदान में व्यवधान डालने एवं इसे प्रभावित करने के आरोप में 136 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा कटिहार में 48, किशनगंज में 13 तथा सुपौल में 16 और सहरसा में 29 तथा मधुबनी में 17 लोग शामिल हैं। इसके अलावा 30 वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिसमें 10 मोटर साइकिल शामिल हैं।

मतदान के दौरान कटिहार जिले में दिल का दौरा पड़ने से एक पीठासीन पदाधिकारी की मौत हो गई। निर्वाचन आयोग ने मृतक अधिकारी के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 123 पर तैनात 55 वर्षीय मोहम्मद हबीब का दिल की दौरा पड़ने से मौत हो गई। हबीब मनिहारी के एक विद्यालय में बतौर प्रधानाध्यापक कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया उनकी मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जाता है।

उन्होंने बताया कि अधिकारी की मौत के बाद कुछ समय के लिए इस मतदान केन्द्र पर मतदान रोकना पड़ा लेकिन बाद में एक अन्य पीठासीन पदाधिकारी की तैनाती कर दी गई। इसके बाद मतदान संपन्न हुआ। अगले चरण का मतदान 24 अक्टूबर को होगा। बिहार में विधानसभा के कुल 243 सीटों पर छह चरणों में चुनाव होने हैं।

पार्टियों के दावे शुरू

गुरुवार को हुए मतदान के बाद राजनीतिक दलों द्वारा अपने-अपने जीत के दावे भी प्रारंभ हो गए। मतदान के बाद राज्य के सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने जीत के दावे किए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सी़ पी़ ठाकुर ने प्रथम चरण के मतदान के बाद कहा कि जिस तरह प्रथम चरण में लोगों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में मतदान किया है, उससे यह तय हो गया है कि राजग फिर राज्य में सत्तासीन होगी।

भाजपा की सहयोगी पार्टी जनता दल (युनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद शिवानंद तिवारी ने कहा कि प्रथम चरण में जिन 47 सीटों पर मतदान हुआ है उसमें 42 सीटों पर जद (यु) और भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी विजयी होंगे। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री शकील अहमद खान ने दावा किया है कि राजद और लोजपा गठबंधन को 47 सीटों में से 40 सीटें मिलना तय है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महबूब अली कैसर जो खुद सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, ने कहा कि उनकी जीत तो तय है और प्रथम चरण के मतदान के बाद यह तय हो गया है कि कांग्रेस की स्थिति उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए बेहतर परिणाम होंगे। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि प्रथम चरण के चुनाव के बाद यह तय हो गया है कि उनकी पार्टी अच्छा कर रही है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+