बिहार में मतदान तेज, बाधा डालने वाले 41 गिरफ्तार
पटना। बिहार की कोसी सीमांचल और मिथिलांचल खंडों में चल रहे पहले चरण के मतदान में गुरुवार की सुबह वोटिंग की गति थोड़ी धीमी थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक तेजी देखने को मिली। सभी 47 विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। इस बीच मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के मुताबिक मतदान के दौरान कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदान में व्यवधान डालने एवं इसे प्रभावित करने के आरोप में 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें किशनगंज में 13 तथा कटिहार में 18 लोग शामिल हैं। इसके अलावा 10 वाहनों को भी जब्त किया गया है।
राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 11 बजे तक 19.3 प्रतिशत लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके थे। इनमें सहरसा में 16 प्रतिशत, मधेपुरा में 19, अररिया में 20 तथा पूर्णिया में 15 प्रतिशत मतदान शामिल हैं।
इस बीच, कोचाधामन, फारबिसगंज, कदुवा तथा सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्रों के कुछ मतदान केन्द्रों में मतदान बहिष्कार की सूचना भी मिली है। कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मतदान के दौरान कटिहार जिले में दिल का दौरा पड़ने से एक पीठासीन पदाधिकारी की मौत हो गई। निर्वाचन आयोग ने मृतक अधिकारी के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 123 पर तैनात 55 वर्षीय मोहम्मद हबीब का दिल की दौरा पड़ने से मौत हो गई। हबीब मनिहारी के एक विद्यालय में बतौर प्रधानाध्यापक कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया उनकी मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जाता है।
क्लिक करें- बिहार विधानसभा चुनाव विशेष पृष्ठ
उन्होंने बताया कि अधिकारी की मौत के बाद कुछ समय के लिए इस मतदान केन्द्र पर मतदान रोकना पड़ा लेकिन बाद में एक अन्य पीठासीन पदाधिकारी की तैनाती कर दी गई। इसके बाद मतदान आरंभ कर दिया गया।
प्रथम चरण में होने वाले चुनाव के अधिकांश इलाके सीमांचल और कोसी क्षेत्र के हैं। प्रथम चरण के चुनाव में 10,454 मतदान केन्द्रों पर कुल 1,07,00,797 मतदाता 52 महिला उम्मीदवारों समेत कुल 631 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं के लिए 25,728 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का उपयोग किया जा रहा है।
चुनाव के प्रथम चरण में जिन स्थानों पर मतदान हो रहा है उनमें मधुबनी जिला की 10, अररिया की छह, सुपौल की पांच, किशनगंज की चार, पूर्णिया की सात, कटिहार की सात, सहरसा की चार और मधेपुरा जिला की चार विधानसभा सीटें शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान होगा जबकि अन्य सभी क्षेत्रों में पांच बजे तक मत डाले जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications