छात्रों से मिलने मोटरसाइकिल से कॉलेज पहुंचे सिरसा सांसद
सिरसा। छात्रों के करीब जाकर उनकी समस्याएं जानने के लिए हरियाणा के सिरसा जिले के सांसद डा. अशोक तंवर बुधवार को खुद ही छात्रों की तरह मोटरसाइकिल से कॉलेज पहुंच गए। असल में यह उनका औचक निरीक्षण था, जिसमें उन्होंने कॉलेज की व्यवस्था का जायजा लिया।
डा. तंवर मोटर साईकल पर सवार होकर राजकीय नैशनल कॉलेज का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। हुआ यूं कि जैसे ही सांसद तंवर बेगू रोड़ पर आयोजित जलपान कार्यक्रम से फारिक होकर नैशनल कॉलेज की ओर बढे, तभी रेलवे फाटक बन्द हो गया और वे पैदल ही दुकानदारों से मिलते हुए कॉलेज की ओर निकल पड़े, इसी बीच सांसद ने एक मोटरसाईकल सवार युवक को हाथ देकर लिफ्ट ली और वे अकेले ही कॉलेज की ओर निकल पड़े।
सांसद के साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों को जब सांसद द्वारा मोटरसाईकल पर लिफट मांगकर कॉलेज की ओर निकलने की सूचना मिली तो उनके हाथ पांव फूल गए और वे भी अन्य साधनों से कॉलेज पहुंचे। सांसद तंवर को मोटर साईकल की सवारी करते देख हर कोई अचंभित था, वही सांसद तंवर ने हाथ हिलाकर आने जाने वाले राहगिरो का अभिवादन स्वीकार किया।
मिल रही थीं शिकायतें
निरीक्षण के बाद छात्रों को सम्बोधित करते हुए डा. तंवर ने कहा कि सिरसा को शिक्षा के मामले में पिछड़ा नही रहने दिया जाएगा। सिरसा संसदीय क्षेत्र में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि युवा ही इस देश की दशा व दिशा को बदल सकता है, इसलिए युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए, ताकि उनके व्यक्तितव का सम्पूर्ण विकास हो सके। सांसद तंवर ने कहा कि उन्हें पिछले काफी समय से कॉलेज से संबंधित शिकायतें मिल रही थी, इसी कारण से उन्होंने आज कॉलेज जाकर विद्यार्थीयों से मिलने का मन बनाया।
छात्रा विंग का भी निरीक्षण
सांसद तंवर ने नैशनल कॉलेज के पश्चात कॉलेज की छात्रा विंग का भी निरीक्षण किया और छात्राओं को जल्द ही सिरसा में महिला कॉलेज उपलब्ध करवाए जाने का आश्चासन दिया और उन्होंने जल्द ही इस सम्बन्ध में प्रदेश के मुख्यमन्त्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से मुलाकात करने की भी बात कही। विद्यार्थीयों ने सांसद तंवर को बताया कि उन्हें कॉलेज में सफाई, पीने का पानी, कैन्टीन, स्टाफ की समस्या व खेल ग्रांउड की सफाई आदि काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर सांसद तंवर ने प्राचार्या को इस सम्बन्ध में आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए। सांसद ने विद्यार्थीओं को बताया कि दिवाली के त्यौहार से पूर्व कॉलेज में बन्द पड़ी कैन्टीन को शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस कॉलेज की दशा व दिशा बदली नजर आएगी।
इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मलकीयत सिंह खोसा, कॉलेज प्राचार्या डा. सुमन गुलाब, वीपी गुप्ता, लादू राम पुनियां, औमप्रकाश केहरवाला, नवीन केडिया, हनुमानदास पटीर, अशोक किराडी, पवन जिन्दल, अरविन्द भुक्कर, वजीर जाखड़, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष पंकज चौहान,आनन्द गोदारा, आशीष सचदेवा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications