2011 में होगा ओबामा का पाक दौरा
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तान से कहा है कि वह 2011 में वहां का दौरा करेंगे और साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि भारत सहित एशिया दौरे के दौरान वह पाकिस्तान में नहीं रुकेंगे। व्हाइट हाउस से जारी एक बयान में कहा गया है कि ओबामा ने यह बयान पाकिस्तानी शिष्टमंडल के साथ अमेरिका-पाकिस्तान सामरिक बातचीत के दौरान कही। बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के लिए विचार विमर्श किया गया।
बयान में कहा गया है, "ओबामा ने स्पष्ट कर दिया है कि अगले महीने भारत सहित एशिया के दौरे के दौरान वह पाकिस्तान में नहीं रुकेंगे। वह वर्ष 2011 में पाकिस्तान के दौरे को लेकर प्रतिबद्ध हैं।" बयान के मुताबिक सामरिक बातचीत के दौरान ओबामा ने दोनों देशों के बीच संबंधों को महत्वपूर्ण बताया। ओबामा ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रिश्ते आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित है।
बयान में कहा गया है, "राष्ट्रपति ओबामा और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय स्थिरता, खासतौर से अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता के मुद्दे पर सहमती व्यक्त की।"













Click it and Unblock the Notifications