हेडली की बीवियों की चेतावनी नजरअंदाज नहीं की गई: अमेरिका

पिछले दिनों हेडली की तीन पत्नियों में से दो ने दावा किया था कि हेडली के आतंकवादी संपर्को और भारत के खिलाफ उसके मंसूबों के बारे में अमेरिकी अधिकारियों को उन्होंने आगाह किया था लेकिन अमेरिकी प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
हेडली की एक पत्नी मोरक्को की नगारिक है और उसके अनुसार पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों ने उसके दावे को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लिया था।
इस मामले पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पी. जे. क्राउले ने इतना जरूर माना कि हेडली की एक पत्नी की ओर से उसके बारे में कुछ जानकारी दी गई थी लेकिन अमेरिकी अधिकारियों ने उसे नजरअंदाज नहीं किया।
क्राउले ने कहा, "अगर मुम्बई हमले से पहले इस बारे में हमें कोई जानकारी मिली होती तो हमने उसे भारत के साथ जरूर साझा किया होता। सच्चाई यह है कि जब हमारे पास ऐसी कोई जानकारी होती या फिर आतंकी हमले की कोई आशंका होती है तो उसमें समय या स्थान का पता हमेशा नहीं चल पाता है।"
उन्होंने कहा, "हेडली की एक पत्नी की ओर से जो अगर जानकारी दी गई थी उस बारे में हमने जरूर अमल किया होगा। हमने मुम्बई हमले से पहले भारत के साथ जानकारी साझा की थी जैसा हम अपने सभी सुरक्षा सहयोगियों के साथ करते हैं।"
क्राउले ने कहा, "हम भारत का हमेशा सहयोग करते रहे हैं। भारत के साथ हमारी वार्ता विस्तृत हुई है। भारत के साथ सामरिक साझेदारी बनने के बाद सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ा है।"












Click it and Unblock the Notifications