गुजरात के छह प्रमुख नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा

राज्य निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने पुष्टि की कि भाजपा ने कांग्रेस को पराजित करते हुए अहमदाबाद, बड़ोदरा, राजकोट, सूरत, जामनगर और भावनगर नगर निगमों पर कब्जा कर लिया। भाजपा ने पांच नगर निगमों में दो-तिहाई बहुमत से जीत दर्ज कराई है। जबकि जामनगर में दो-तिहाई बहुमत से मात्र तीन सीट पीछे रह गई है।
छह नगर निगमों में कुल 555 सीटों में से भाजपा ने 441 पर कब्जा कर लिया है, जबकि कांग्रेस 100 सीटों पर सिमट कर रह गई। निर्दलीयों को मात्र 14 सीटें प्राप्त हो सकी हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि ई-वोटिंग में भी भाजपा ने छह शहरों में कुल पड़े 369 मतों में से 312 मत हासिल किए हैं। कांग्रेस को 37 वोट मिले और अन्य को 20 वोट।
भाजपा ने अहमदाबाद अपनी सीट संख्या में काफी बढ़ोतरी की है। वहां इस बार सीटों की कुल संख्या 2005 के 129 के मुकाबले बढ़ा कर 189 सीटें कर दी गईं थीं। भाजपा ने यहां 2005 के 96 के मुकाबले इस बार 148 सीटें जीती। कांग्रेस ने 2005 के 32 के मुकाबले इस बार 38 सीटें जीती।
सूरत में जहां इस बार सीटें 102 से बढ़ कर 114 हो गई थीं, भाजपा ने 90 के मुकाबले इस बार 98 सीटें जीतीं और कांग्रेस ने 11 के मुकाबले 14 सीटें। लेकिन राजकोट में भाजपा की सीट संख्या में कमी आई है। 2005 में भाजपा ने यहां 59 सीटें जीती थी, लेकिन इस बार वह 58 सीट ही जीत पाई। भावनगर में भाजपा 2005 के 39 सीटों मुकाबले इस बार 41 सीटें जीतने में सफल हुई। वहीं वड़ोदरा में उसकी सीट संख्या इस बार 76 से घट कर 61 पर आ गई।
कांग्रेस की सीट संख्या वड़ोदरा में सात से बढ़ कर 11 हो गई। जामनगर में कांग्रेस के लिए संतोष देने वाली खबर है। वहां भाजपा की सीट संख्या 37 से घट कर 35 पर आ गई, जबकि कांग्रेस नौ सीटों से बढ़ कर 16 पर पहुंच गई। छह सीटें निर्दलीयों के हिस्से गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications