'राजनीति में टिके रहने के लिए मुशर्रफ भी दें बलिदान'
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के भूतपूर्व तानाशाह जनरल परवेज मुशर्रफ के जल्द पाकिस्तानी राजनीति में दोबारा उतरने की खबरों पर पाकिस्तान के वर्तमान राष्ट्रपति और लोकप्रिय दिवंगत नेता बेनजीर भुट्टों के पति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि पूर्व फौजी शासक परवेज मुशर्रफ को राजनीति में हिस्सा लेने का हक है।
समाचार पत्र डॉन के अनुसार जरदारी ने कहा, "मुशर्रफ को बलिदानों से भरे उस राजनीतिक संघर्ष के दौर से गुजरना होगा जहां से हम गुजरे हैं।" राष्ट्रपति ने कराची में कहा कि राजनीति में कोई शार्टकट नहीं होता। एक प्रश्न के जवाब में जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान की जनता ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी को सत्ता दिलाई है। उन्होंने कहा, "जनता भला-बुरा जानती है।"
उल्लेखनीय है कि मुशर्रफ ने 1999 में सत्ता पर कब्जा जमाया था और उन्होंने 2008 में इस्तीफा दिया था। उसके बाद से वह ब्रिटेन, अमेरिका और दुबई में दो साल से ज्यादा अर्से से स्व-निर्वासित जीवन बिता रहे हैं। हाल ही में उन्होने ब्रिटेन में अपनी नई राजनीतिक पार्ची का गठन किया है। जल्द ही वह पाकिस्तानी राजनीति में दोबारा उतरने वाले हैं। पाकिस्तान के आगामी चुनावों में उनके देश लौटने की पूरी संभावना है।













Click it and Unblock the Notifications