नक्सली हमले में तीन जवानों की मौत

बीबीसी संवाददाता, छत्तीसगढ़
नक्सलियों ने ये हमला तब किया है जब सीआरपीएफ़ के उच्च अधिकारी इलाके के दौरे पर हैं. छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव ज़िले में हुए नक्सली हमले में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल यानी आईटीबीपी के तीन जवान मारे गए हैं और एक घायल हुआ है.
ये घटना मानपुर के पास कोहंका की है जहाँ आईटीबीपी और राज्य पुलिस का एक कैंप है. घटनास्थल छत्तीसगढ़ से सटी हुई महाराष्ट्र की सीमा से महज़ 30 किलोमीटर की दूरी पर है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारों जवान कैंप से जीप में सवार होकर अपने किसी अफसर को महाराष्ट्र से लाने जा रहे थे. इसी दौरान मानपुर और कोहंका के बीच सड़क पर एक बारूदी सुरंग का विस्फोट हुआ जिसकी चपेट में जीप आ गयी और तीन जवानों कि घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
एक जवान के घायल होने कि खबर है जिसका नाम दिलीप बताया जा रहा है. मारे गए जवानों में हवालदार जयराम, सिपाही शीबू और दिनेश शामिल हैं.
घायल जवान को वायु सेना के हेलीकाप्टर से रायपुर लाया जा रहा है. यह घटना ऐसे समय में घटी है जब सीआरपीएफ़ के नव नियुक्त महानिदेशक के विजय कुमार छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं.












Click it and Unblock the Notifications