शमीम नीतेश राणे की गोली से घायल नहीं : रिपोर्ट
मुम्बई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार को फॉरेंसिक रिपोर्ट के हवाले से कहा कि राज्य के राजस्व मंत्री नारायण राणे के पुत्र नीतेश राणे पर आरोप लगाने वाले व्यक्ति के शरीर में गोली का निशान नहीं है, लेकिन तेजधार हथियार चलाए जाने से इंकार नहीं किया जा सकता।
मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारी ने कहा, "फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक गोली का घाव नहीं है, लेकिन तेज हथियार से घायल होने से इंकार नहीं किया जा सकता।"
नीतेश पर आरोप है कि उन्होंने अपने गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) स्वाभिमान संगठन के एक सदस्य शमीम जमालुद्दीन शेख पर गोली चलाई थी। शनिवार को यह मामला अपराध शाखा को सौंप दिया गया था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) निसार तम्बोली ने हालांकि इस मामले पर टिप्पणी करने से इंकार किया है।
उन्होंने कहा, "मैं ताजा स्थिति के बारे में न कोई पुष्टि कर सकता हूं और न इंकार कर सकता हूं। हमें शनिवार को ही मामला सौंपा गया है। हम टुकड़ों में मिली जानकारी का खुलासा नहीं कर सकते।"
शेख ने आरोप लगाया था कि 23 सितम्बर को जब वह नीतेश से मिलने उनके कार्यालय गया तो उनके भाड़े के गुंडों ने उन पर हमला किया। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
उन्होंने कहा था कि जब वह कार्यालय की खिड़की से कूद रहे थे तो नीतेश ने उन पर गोली चलाई जो उनके दाहिने गाल पर लगी। उन्होंने पोवाई स्थित खुद को हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती कराया।
शेख ने बाद में राज्य के गृह मंत्री आर.आर. पाटील से शिकायत की कि इस मामले की जांच में कोई प्रगति नहीं हो रही है, इसलिए वह हस्तक्षेप करें।
उल्लेखनीय है कि नीतेश राणे के एनजीओ से जुड़ने से कुछ माह पहले शेख महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सदस्य थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications