गदर तेलंगाना नेतृत्व छीनने की तैयारी में
हैदराबाद, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। अलग तेलंगाना राज्य पाने लिए एक पार्टी बनाने की घोषणा के एक वर्ष बाद क्रांतिकारी नेता बालादीर गदर तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव से आंदोलन का नेतृत्व छीनने की तैयारी में हैं।
तेलंगाना आंदोलन उस वक्त नया मोड़ ले लेगा, जब नक्सलियों से सहानुभूति रखने वाले यहां नौ अक्टूबर को औपचारिक तौर पर तेलंगाना प्रजा समिति (टीपीएफ) का शुभारंभ करेंगे।
संभावना है कि नया संगठन तेलंगाना मुद्दे पर श्रीकृष्ण समिति की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजे जाने से पहले आंदोलन को तेज करेगा और एक दशक से आंदोलन चला रही टीआरएस से नेतृत्व छीन लेगा।
यहां नौ अक्टूबर को होने वाली पहली बैठक में कवियों, लेखकों एवं अन्य तेलंगाना कार्यकर्ताओं के साथ गदर टीपीएफ का संगठनात्मक ढांचा तय करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अलग तेलंगाना राज्य की मांग पर विचार के लिए केंद्र सरकार द्वारा फरवरी में गठित श्रीकृष्ण समिति अपनी रिपोर्ट 31 दिसम्बर को सौंपेगी।
गदर ने हालांकि कहा कि उनका संगठन रिपोर्ट का इंतजार किए बिना आंदोलन को मजबूत करने के लिए जनता के बीच जाएगा और संसद में अलग राज्य के गठन सम्बंधी विधेयक लाने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाएगा।
गदर की योजनाओं ने टीआरएस खेमे में घबराहट पैदा कर दी है। इसके एक नेता एन. नरसिम्हा रेड्डी का कहना है कि टीपीएफ तेलंगाना के लोगों में गलतफहमी पैदा करेगी और इससे आंदोलन कमजोर पड़ जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications