'सिमी' जैसी विचारधारा के लोग कांग्रेस में न आएं : राहुल (राउंडअप)
मध्य प्रदेश में युवक कांग्रेस से युवाओं को जोड़ने निकले राहुल गांधी ने श्योपुर, टीकमगढ़ और रीवा के कार्यक्रमों में साफ कहा कि अब कांग्रेस में वह जमाना नहीं रहा, जब सिफारिशों से पद और मौके मिला करते थे। अब वही आगे बढ़ेगा जो कांग्रेस के लिए काम करेगा और चुनाव लड़ेगा।
राहुल ने युवाओं से कहा कि वे उन दरवाजों को उखाड़कर फेंक देंजो सिफारिशों से खुलते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा युवा युवक कांग्रेस के सदस्य बनें। सदस्यों की सूची अखबारों में जारी की जाएगी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस में व्याप्त गुटबाजी को राहुल गांधी ने अपने भाषण में खुलकर स्वीकार किया और वरिष्ठ नेताओं के साथ युवाओं को नसीहत दी कि वे मिलकर काम करें।
राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में तो वह सत्ता से बाहर हो चुकी है और अब मध्य प्रदेश में भी इसे बाहर करने की जरूरत है।
प्रदेश सरकार ने राहुल को राज्य अतिथि का दर्जा देने के साथ उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राहुल गांधी के दौरे के पहले दिन मीडिया को उनके कार्यक्रमों से पूरी तरह दूर रखा गया। जिले स्तर पर कांग्रेस ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लोगों को कार्यक्रमों की सीडी उपलब्ध करा दी।
तय कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी पांच अक्टूबर को बैतूल, सेंधवा और उज्जैन में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और रात्रि विश्राम उज्जैन में करेंगे। इसके अलावा वह छह अक्टूबर को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications