बिहार चुनाव : पहले चरण के लिए नामांकन पूरा (राउंडअप)
पटना, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 48 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही पहले चरण के लिए होने वाले मतदान के लिए प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त हो गई।
इधर, सभी प्रमुख दलों में टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के दो सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। वहीं बांका संसदीय क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में राजद की तरफ से जय प्रकाश नारायण यादव को प्रत्याशी बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राबड़ी देवी सोनपुर और राघोपुर से चुनव लड़ेंगी।
इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव के तीसरे और चौथे चरण के लिए राजद के 60 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि वैशाली से वीणा शाही, तारापुर से शकुनी चौधरी, दानापुर से सच्चिदानंद यादव तथा पटना साहिब से राजेश कुमार को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।
लालू ने कहा कि 60 प्रत्याशियों में तीसरे चरण के लिए 35 तथा चौथे चरण के लिए 25 प्रत्याशियों के नाम हैं। राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) मिलकर चुनाव लड़ रही है। लोजपा के हिस्से 75 सीट आई है, जबकि राजद ने 168 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है।
बांका संसदीय क्षेत्र के लिए उपचुनाव एक नवंबर को होने वाला है। बांका के सांसद दिग्विजय सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। उनकी पत्नी पुतुल सिंह ने यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
इससे पहले राजद ने गुरुवार को 65 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी।
उधर, चुनाव आयोग ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 48 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी। राज्य के निर्वाचन विभाग के अनुसार राज्यपाल देवानंद कुंवर के आदेश के बाद तीसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना जारी की गई। तीसरे चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशी अब अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक तीसरे चरण के लिए पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर है। पर्चे की जांच 12 अक्टूबर को होगी, जबकि प्रत्याशी अपने नाम 14 अक्टूबर तक वापस ले सकेंगे। तीसरे चरण के लिए मतदान 28 अक्टूबर को होगा।
तीसरे चरण में पूर्वी एवं पश्चिमी चम्पारण, गोपालगंज, सीवान, सारण और वैशाली जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।
सोमवार को पहले चरण के लिए नामांकन भरने का कार्य समाप्त हो गया। अंतिम दिन नामांकन भरने वालों में छपरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं मंत्री जनार्दन सिग्रीवाल, सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महबूब अली कैसर, आलमनगर से लवली आनंद, बिहारीगंज से रंजीता रंजन तथा लालगंज से अन्नु शुक्ला प्रमुख हैं।
दूसरी ओर, टिकट वितरण को लेकर नाराज कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनता दल (युनाइटेड) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय के समक्ष टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ताओं ने खुले बदन प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता गया जिला के शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र के हैं। प्रदर्शन कर रहे एक कार्यकर्ता ने कहा कि शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने राजद से आए विनोद यादव को प्रत्याशी बनाया है, जिसका पार्टी के लोग विरोध कर रहे हैं।
राजद कार्यालय में भी महुआ विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस को सभी कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में भी नाराज कार्यकर्ताओं ने बिहार के प्रभारी मुकुल वासनिक तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महबूब अली कैसर का पुतला फूंका।
ज्ञात हो कि बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए छह चरणों में मतदान होने हैं। पहले चरण में जहां 21 अक्टूबर को 47 सीटों के लिए मतदान होने हैं, वहीं दूसरे चरण में 45 सीटों के लिए 24 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा तीसरे चरण में 28 अक्टूबर को 48 तथा चौथे चरण में एक नवम्बर को 42 सीटों के लिए मतदान होगा। मतदान का समापन 20 नवम्बर को होगा, मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications