'बिग बॉस' में पाकिस्तानियों की मौजूदगी से सेना, मनसे खफा (लीड-1)
मुम्बई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिव सेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने नए टीवी शो 'बिग बॉस 4' में पाकिस्तानियों को भाग लेने की अनुमति देने पर चेतावनी दी है। इसके मद्देनजर पुलिस ने सोमवार को कलर्स चैनल कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी।
'बिग बॉस 4' की परिचयात्मक कड़ी का प्रसारण
रविवार को हुआ, जिसमें दो पाकिस्तानी हैं- मॉडल वीना मलिक और अभिनेता अली सलीम। सलीम का टीवी व्यक्तित्व 'बेगम नवाजिश अली' भारत में भी काफी लोकप्रिय है।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे पाकिस्तानी हस्तियों को शो में शामिल करने पर कलर्स चैनल के अधिकारियों पर बरसे।
राज ने पूछा, "यदि वे खुद को विश्वस्तरीय दिखाने का प्रयस कर रहे हैं तो क्या उन्हें भारत से बाहर और कोई नहीं मिला जो उन्होंने यह झंझट मोल ले ली? और भारत की 1.25 अरब आबादी में से वे किसी हस्ती को नहीं ढूंढ़ पाए।"
शिव सेना प्रवक्ता संजय राउत ने भी कहा कि जब पाकिस्तान लता मंगेशकर जैसी सुप्रसिद्ध गायिका को अपने देश में कार्यक्रम प्रस्तुत करने की अनुमति नहीं देता है तो कम ख्याति वाले इन पाकिस्तानियों को क्यों यहां बर्दाश्त किया जाए।
दोनों पार्टियों की मांग है कि पाकिस्तानी प्रतिभागियों को 'बिग बॉस' के घर से तुरंत निकाला जाए।
शिव सेना की चित्रपट शाखा के प्रमुख संग्राम शिरके ने बताया कि पार्टी ने कलर्स टीवी चैनल के प्रबंधन को एक पत्र भेजकर इस मुद्दे पर अपनी नाखुशी जाहिर की है।
शिरके कहते हैं, "हमने उनसे पाकिस्तानियों को शो से तुरंत निकाले जाने का अनुरोध किया है। क्या भारत में लोकप्रिय हस्तियों की कमी है जो उन्हें बाहरी लोगों को और वह भी पाकिस्तानियों को लाना पड़ा।"
मनसे के उपाध्यक्ष वी. सारस्वत कहते हैं कि उनकी पार्टी ने कलर्स चैनल के प्रबंधन से 'बिग बॉस 4' से दोनों पाकिस्तानियों को निकाले जाने की मांग की है। उन्होंने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि वे हमारी सलाह पर ध्यान देंगे और यदि ऐसा नहीं हुआ तो हम मनसे की शैली में इससे निपटेंगे।"
उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो मनसे की लोनावाला इकाई 'बिग बॉस' के घर पहुंचेगी।
दोनों पार्टियों ने चेतावनी दी है कि यदि चैनल प्रबंधन उनका सुझाव नहीं मानता है तो टकराव हो सकता है।
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मेजबानी में रविवार से इस शो की शुरुआत हुई है।
उल्लेखनीय है कि शो में दो पाकिस्तानियों के अलवा अन्य प्रमुख प्रतिभागी हैं मुम्बई के वकील एस.जी. अब्बास काजमी, जिन्होंने सरकार द्वारा नियुक्त प्रथम अधिवक्ता के तौर पर पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल आमिर कसाब का बचाव किया था। शो में महेश भट्ट के पुत्र राहुल भट्ट भी शामिल हैं, जो मुंबई हमले के संदिग्ध आरोपी डेविड कोलमन हेडली से ताल्लुकात रखने की बात सामने आने पर चर्चा में आए थे। इसके अलावा टेलीविजन अभिनेत्री सारा खान और पूर्व डकैत सीमा परिहार शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications