अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार
मेरठ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़े सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक हिरयाणा से गाड़ियां चोरी कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बेच देते थे।
जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद वाहन चोर गिरोह के सरगना जावेद आलम को उसके छह साथियों तथा चोरी की तीन गाड़ियों व दो पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
भावनपुर थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गए युवक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते थे।
सिंह ने कहा कि जावेद इस गिरोह का सरगना था और पिछले काफी समय से अपने साथियों की मदद से हरियाणा से गाड़ियां चोरी कर उन्हें प्रदेश के विभिन्न जिलों में ले जाकर बेचता था।
उन्होंने कहा कि इस गिरोह में कुछ और लोगों के भी शामिल होने की आशंका है। गिरोह के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications