राष्ट्रमंडल खेल : नेपाली मीडिया में नहीं मिला उद्घाटन समारोह को महत्व

काठमांडू, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजनीतिक संकट से जूझ रहे नेपाल में, दिल्ली में हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रविवार को हुए उद्घाटन समारोह को मीडिया में कोई महत्व नहीं मिला है।

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील द्वारा उद्घाटित और ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमिला जैसे अंतर्राष्ट्रीय अतिथियों की उपस्थिति में हुए इस समारोह को टेलीविजन खबरों में रविवार को सरसरी तौर पर ही स्थान मिल पाया।

सोमवार को सरकारी मीडिया को छोड़कर बाकी किसी समाचार माध्यम में खेलों के उद्घाटन समारोह का कोई जिक्र नहीं था।

सरकारी समाचार पत्र 'राइजिंग नेपाल' ने उद्घाटन समारोह के लिए प्रथम पृष्ठ पर कुछ जगह जरूर दी है। खबर में लिखा गया है, "दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल शुरू"। लेकिन अन्य दैनिकों में उद्घाटन समारोह का कोई जिक्र नहीं है, यहां तक कि खेल के पृष्ठों पर भी नहीं।

टेलीविजन केंद्रों ने नेपाली महिला क्रिकेट टीम की हांगकांग के खिलाफ अंडर 19-एसीसी चैम्पियनशिप में सिंगापुर में हुई शानदार जीत तथा काठमांडू के दशरथ स्टेडियम में हो रहे सान मिगुएल कप फुटबाल टूर्नामेंट को सोमवार को प्रमुखता से प्रसारित किया है।

यह अलग बात है कि खेलों की तैयारी के दौरान एक फुटओवर ब्रिज के गिर जाने और खेलगांव में दुर्व्यवस्था के लिए भारतीय अधिकारियों पर जब कीचड़ उछाले जा रहे थे, तो नेपाली मीडिया में भी उन आलोचनाओं को भरपूर जगह दी गई थी।

बहरहाल, संपादकों का कहना है कि ऐसा जानबूझ कर नहीं किया गया है, बल्कि रिपोर्ट और छायाचित्रों को मिलने में हुई देरी के कारण खेलों के उद्घाटन समारोह को नेपाली मीडिया में अधिक जगह नहीं मिल पाया।

दैनिक 'नागरिक' के कार्यकारी संपादक गुणराज लुइटेल ने कहा, "हम मंगलवार को खेलों की खबरें प्रकाशित करेंगे।"

इस बीच नेपाल की वर्तमान चिंता बुधवार को एक बार फिर आयोजित हो रहे प्रधानमंत्री पद के चुनाव को लेकर है।

प्रधानमंत्री पद के लिए यह 10वें दौर का चुनाव होगा। इसके पहले नौ चक्र के चुनाव विफल साबित हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने 30 जून को ही पद से इस्तीफा दे दिया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+