राबड़ी सोनपुर और राघोपुर से चुनाव लडेंगी
सोमवार को लालू ने पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राबड़ी विधानसभा चुनाव में सोनपुर और राघोपुर से चुनाव लड़ेंगी। लालू ने विधानसभा चुनाव के तीसरे और चौथे चरण के लिए पार्टी के 60 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की।
राजद ने वैशाली से वीणा शाही, तारापुर से शकुनी चौधरी, दानापुर से सच्चिदानंद यादव तथा पटना साहिब से राजेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
उन्होंने कहा कि 60 प्रत्याशियों में तीसरे चरण के लिए 35 तथा चौथे चरण के लिए 25 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एकसाथ चुनाव लड़ रही हैं। लोजपा ने 75 सीटों पर और राजद ने 168 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है।
इससे पहले राजद ने पहले और दूसरे चरण के लिए 65 प्रत्याशियों की पहली सूची गुरुवार को ही जारी कर दी थी। सूची में पहले चरण के लिए 31 तथा दूसरे चरण के लिए 34 सीटों पर लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम दर्ज थे।
राज्य में कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। पहले चरण में जहां 21 अक्टूबर को 47 सीटों के लिए तथा दूसरे चरण में 45 सीटों के लिए 24 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा तीसरे चरण में 28 अक्टूबर को 48 तथा चौथे चरण में एक नवंबर को 42 सीटों के लिए मतदान होगा। मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications