बहराइच में बाघ ने युवक को मार डाला
घटना के बारे में कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के प्रभागीय वन अधिकारी(डीएफओ) आर.के.सिह का कहना है कि बाघ ने जिस स्थान पर युवक पर हमलाकर उसे शिकार बनाया वह जंगल की सीमा में आता है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है बाघ ने जंगल से बाहर आकर खेत में 20 वर्षीय जनमोहन पर हमला किया।
रविवार शाम बाघ के हमले में गंभीर रूप से घायल जगमोहन की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि जगमोहन ने जंगल में प्रवेश किया था। इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर दिया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल जंगल की ही सीमा में आता है। सिंह के मुताबिक युवक के शरीर के जख्मों को देखकर यह स्पष्ट होता है कि हमला बाघ ने किया, लेकिन फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला करने वाला बाघ नर था या मादा।
दूसरी ओर ग्रामीणों का आरोप है कि बाघ ने जनमोहन पर रविवार शाम उस समय हमला किया जब वह गांव के निकट खेत में घास काट रहा था। उसकी चीख सुनकर वे हथियार और लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और जगमोहन पर हमला कर रहे बाघ को खदेड़ा। अधिकारियों के मुताबिक कतर्निया घाट वन क्षेत्र में फिलहाल करीब 58 बाघ हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications