मुंडा मंत्रिमंडल में महिला को शामिल करने की मांग
रांची, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखण्ड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला विधायक मनेका सरदार ने अपील की है कि उनकी पार्टी राज्य कैबिनेट में महिलाओं को शामिल करे, लेकिन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का कहना है कि मंत्रियों की सूची को पहले ही अंतिम रूप दे दिया गया है।
सरदार ने आईएएनएस को बताया, "हमने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा है कि राज्य कैबिनेट में महिलाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए।"
राज्य में आठ अक्टूबर को होने वाले मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, "हम पहले ही संभावित मंत्रियों की सूची तैयार कर चुके हैं और उनको ही मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी।"
भाजपा में तीन महिला विधायक हैं। विमला प्रधान पहली बार विधायक निर्वाचित हुई हैं जबकि कुंती सिंह और मनेका सरदार दूसरी बार विधायक बनी हैं।
भाजपा की सहयोगी पार्टी झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के 18 विधायक हैं लेकिन इनमें कोई महिला शामिल नहीं है। ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के पांच सदस्य हैं जबकि जनता दल (युनाइटेड) के दो सदस्य हैं जिसमें एक महिला शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications