अब यूरोप में रची गयी 26/11 जैसी साजिश
लंदन। पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों ने ब्रिटेन और यूरोप के कई अन्य देशों में मुंबई हमले की तरह आतंकवादी हमलों की साजिश रची थी। इस साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है।
स्थानीय समाचार चैनल स्काई न्यूज के अनुसार पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहे आतंकवादियों ने लंदन और ब्रिटेन के दूसरे शहरों के अलावा फ्रांस और जर्मनी के बड़े शहरों पर भी हमले की साजिश रची थी। ब्रिटेन के खुफिया अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी आतंकवादी ठीक उसी तरह इन हमलों को अंजाम देने वाले थे जैसा कि उन्होंने 26 नवम्बर, 2008 को मुंबई में किया था। मुंबई पर लश्कर-ए-तैयबा द्वारा किए गए हमले में लगभग 166 लोग मारे गए थे।
चैनल के विदेश मामलों के संपादक टिम मार्शल ने कहा कि ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और अमेरिका के बीच खुफिया जानकारियों के आदान-प्रदान से इस बड़ी शाजिश का भंडाफोड़ हुआ। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हमलावर यूरोप में मौजूद हैं या नहीं। पिछले दो सप्ताह के भीतर पेरिस के मशूहर एफेल टावर को बम की अफवाह के बाद दो बार खाली कराया जा चुका है।